त्योहारों का मौसम आते ही घर में मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है। मेहमानों के आने से लेकर पूजा और त्योहार की खुशियों तक, मिठाई हर मौके को खास बना देती है। लेकिन बाजार से मिलने वाली मिठाइयों में मिलावट और उनकी क्वालिटी को लेकर अक्सर चिंता बनी रहती है। ऐसे में अगर आप घर पर ही कुछ स्वादिष्ट और पारंपरिक बनाना चाहती हैं, तो लौंग लता एक बेहतरीन विकल्प है। इसे बनाना ज्यादा मुश्किल नहीं है और थोड़ी सी तैयारी के साथ आप घर पर ही स्वादिष्ट लौंग लता तैयार कर सकती हैं।
लौंग लता बनाने के लिए सबसे पहले इसकी सामग्री तैयार कर लें। इसके लिए आपको करीब 50 ग्राम मैदा, 25 ग्राम खोया, आधी कटोरी कटे हुए मेवे, आधा छोटा चम्मच नारियल पाउडर, आधा छोटा चम्मच खसखस, एक से दो इलायची, एक छोटा चम्मच गुलाब जल, पांच से छह साबुत लौंग, 100 ग्राम चीनी और करीब 200 ग्राम घी की जरूरत होगी। सामग्री की मात्रा आप अपनी जरूरत और मिठाई की संख्या के हिसाब से कम या ज्यादा कर सकती हैं।
सबसे पहले मैदा को बारीक छलनी से छानकर एक बड़ी थाली या कटोरे में निकाल लें। अब इसमें थोड़ा सा घी डालकर दोनों हथेलियों से अच्छी तरह रगड़ते हुए मिला लें। इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर मैदा का आटा गूंथें। ध्यान रखें कि आटा न तो बहुत सख्त होना चाहिए और न ही बहुत ज्यादा नरम। आटा तैयार होने के बाद इसे कुछ देर के लिए अलग रख दें।
अब लौंग लता की स्टफिंग तैयार करनी है। इसके लिए एक पैन को धीमी आंच पर गर्म करें और उसमें खोया डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें। जब खोया अच्छी तरह भुन जाए तो इसमें नारियल पाउडर, इलायची पाउडर, खसखस और कटे हुए मेवे डाल दें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर कुछ देर पकाएं और फिर गैस बंद कर दें। इस स्टफिंग को थोड़ा ठंडा होने दें।
अब दूसरी तरफ चाशनी तैयार करें। इसके लिए एक पैन में 100 ग्राम चीनी और करीब एक कप पानी डालकर मध्यम आंच पर पकाएं। चीनी पूरी तरह घुलने के बाद चाशनी को तब तक पकाएं जब तक यह एक तार की consistency में न आ जाए। चाशनी तैयार होने पर इसमें एक छोटा चम्मच गुलाब जल डालें और गैस बंद कर दें। ध्यान रखें कि चाशनी हल्की गर्म रहनी चाहिए, क्योंकि बाद में तली हुई लौंग लता को इसी में डुबोना है।
अब तैयार आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें। प्रत्येक लोई को रोटी की तरह पतला बेलें और इसके बीच में करीब एक बड़ा चम्मच तैयार स्टफिंग रखें। इसके बाद रोटी के चारों किनारों को अंदर की तरफ मोड़कर अच्छी तरह बंद कर दें। किनारों को चिपकाने के लिए हल्का पानी या मैदे का घोल इस्तेमाल किया जा सकता है। आखिर में ऊपर से एक साबुत लौंग लगा दें। ध्यान रखें कि लौंग सिर्फ ऊपर लगी रहे और स्टफिंग के अंदर ज्यादा गहराई तक न जाए।
अब एक कड़ाही में घी गर्म करें। घी बहुत तेज गर्म नहीं होना चाहिए। मध्यम या धीमी आंच पर लौंग लता को धीरे-धीरे तलें, ताकि वह बाहर से अच्छी तरह सुनहरी और कुरकुरी हो जाए और अंदर की स्टफिंग भी अच्छी तरह गर्म हो सके। सभी लौंग लता को इसी तरह सुनहरा होने तक तल लें।
तलने के बाद इन्हें तुरंत तैयार हल्की गर्म चाशनी में डाल दें। लौंग लता को करीब 15 से 20 मिनट तक चाशनी में रहने दें, ताकि मिठास अच्छी तरह अंदर तक पहुंच जाए। इसके बाद इन्हें चाशनी से निकालकर एक प्लेट या कटोरी में रख दें। बस तैयार है आपकी स्वादिष्ट और पारंपरिक लौंग लता मिठाई।
अगर आप लौंग लता को लंबे समय तक स्वादिष्ट बनाए रखना चाहती हैं, तो इसे एयरटाइट डिब्बे में रख सकती हैं। जरूरत के हिसाब से फ्रिज में भी स्टोर किया जा सकता है। हालांकि इसे बनाते समय कुछ बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। मैदा का आटा सही consistency का होना चाहिए, स्टफिंग भरने के बाद किनारों को अच्छी तरह बंद करना चाहिए और तलते समय आंच धीमी या मध्यम रखनी चाहिए। वहीं चाशनी एक तार की और हल्की गर्म होनी चाहिए।
तो इस Festive Season में अगर आप बाजार की मिठाई से बचना चाहती हैं और परिवार को घर की बनी स्वादिष्ट मिठाई खिलाना चाहती हैं, तो लौंग लता जरूर ट्राई करें। मेवे, खोया, इलायची और गुलाब जल का स्वाद इसे बेहद खास बनाता है और त्योहार की मिठास को दोगुना कर देता है।


