कोलकाता में 3 अक्टूबर को भारतीय फुटबॉल टीम और पांच बार की विश्व कप विजेता ब्राजील के बीच होने वाला मुकाबला ऐतिहासिक होने जा रहा है। वरिष्ठ पुरुष अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल के इतिहास में भारत और ब्राजील पहली बार आमने-सामने होंगे। मुकाबला कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में खेला जाएगा, जहां भारतीय फुटबॉल फैंस को दुनिया के कुछ सबसे बड़े सितारों को करीब से देखने का मौका मिलेगा।
इस ऐतिहासिक मुकाबले के लिए ब्राजील के मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी ने 26 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है। टीम में रियल मैड्रिड के स्टार विनीसियस जूनियर, बार्सिलोना के राफिन्या और युवा स्टार एंड्रिक जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इसके अलावा कई ऐसे खिलाड़ी भी टीम का हिस्सा हैं, जो यूरोप के बड़े क्लबों में खेल रहे हैं। ऐसे में भारतीय टीम के सामने दुनिया की मजबूत टीमों में से एक की बड़ी चुनौती होगी।
मौजूदा फीफा विश्व रैंकिंग की बात करें तो ब्राजील पांचवें स्थान पर है, जबकि भारतीय टीम 138वें पायदान पर है। रैंकिंग के लिहाज से दोनों टीमों के बीच बड़ा अंतर है, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों के लिए यह मुकाबला खुद को दुनिया के शीर्ष स्तर के सामने परखने का बेहद अहम मौका होगा। घरेलू मैदान पर हजारों दर्शकों के सामने खेलना टीम इंडिया के खिलाड़ियों के लिए अतिरिक्त प्रेरणा भी बन सकता है।
ब्राजील के आक्रमण की सबसे बड़ी ताकत विनीसियस जूनियर और राफिन्या होंगे। विनीसियस अपनी तेज रफ्तार, ड्रिब्लिंग और गोल करने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं, जबकि राफिन्या भी विपक्षी डिफेंस के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं। इनके अलावा एंड्रिक की मौजूदगी ब्राजील के आक्रमण को और खतरनाक बनाती है। टीम में चेल्सी के एस्तेवा और जोआओ पेड्रो, बॉर्नमाउथ के रायन तथा फ्लामेंगो के पेड्रो और सैमुएल लिनो जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं।
मध्यपंक्ति में आर्सेनल के ब्रूनो गिमाराएस ब्राजील के प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल हैं। वह हाल ही में न्यूकैसल यूनाइटेड से आर्सेनल से जुड़े हैं। उनके अलावा आंद्रे सैंटोस, ब्रेनो बिदोन, डानिलो सैंटोस, डगलस लुइज और गैब्रियल बोन्तेम्पो को भी टीम में जगह मिली है। डगलस लुइज अब 2026-27 सत्र के लिए युवेंटस का हिस्सा हैं।
डिफेंस में भी ब्राजील के पास काफी अनुभव मौजूद है। आर्सेनल के गैब्रियल मागालाएस और पेरिस सेंट-जर्मेन के मारक्विन्होस भारतीय आक्रमण के सामने बड़ी चुनौती पेश कर सकते हैं। इसके साथ ही मैनचेस्टर सिटी के वितोर रेस, नॉटिंघम फॉरेस्ट के जाइर, रोमा के वेस्ली और पीएसवी के मौरो जूनियर को भी टीम में शामिल किया गया है।
खास बात यह है कि 2026 विश्व कप के बाद कार्लो एंसेलोटी की यह पहली ब्राजील टीम है और इसमें बड़े स्तर पर बदलाव देखने को मिला है। विश्व कप में शामिल ब्राजील की 26 सदस्यीय टीम के सिर्फ नौ खिलाड़ी इस बार भी चुने गए हैं। इनमें डगलस सैंटोस, गैब्रियल मागालाएस, मारक्विन्होस, डानिलो सैंटोस, ब्रूनो गिमाराएस, एंड्रिक, राफिन्या, रायन और विनीसियस जूनियर शामिल हैं।
ब्राजील की नई टीम में कई अनुभवी खिलाड़ियों को जगह नहीं मिली है। नेमार विश्व कप के बाद अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास ले चुके हैं। वहीं कासेमिरो, एलिसन, एडर्सन और कुछ अन्य अनुभवी खिलाड़ी भी इस टीम का हिस्सा नहीं हैं। इससे संकेत मिलता है कि एंसेलोटी अब ब्राजील की अगली पीढ़ी तैयार करने पर भी ध्यान दे रहे हैं।
भारत पहुंचने से पहले ब्राजील की टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो मुकाबले खेलेगी। पहला मैच 25 सितंबर को टाउन्सविल और दूसरा 29 सितंबर को ब्रिस्बेन में खेला जाएगा। इसके बाद ब्राजील की टीम कोलकाता पहुंचेगी और 3 अक्टूबर को भारतीय टीम से भिड़ेगी।
दूसरी तरफ भारतीय टीम के मुख्य कोच खालिद जमील भी 26 सदस्यीय टीम का ऐलान कर चुके हैं। टीम में गुरप्रीत सिंह संधू, अनवर अली, अनिरुद्ध थापा, सहल अब्दुल समद और मनवीर सिंह जैसे प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं। भारत को ब्राजील के अलावा पनामा और उरुग्वे के खिलाफ भी मुकाबले खेलने हैं।
भारत और ब्राजील के बीच अनुभव, रैंकिंग और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सफलता में भले ही बड़ा अंतर हो, लेकिन यह मुकाबला भारतीय फुटबॉल के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दुनिया की शीर्ष टीमों में शामिल ब्राजील के खिलाफ खेलना भारतीय खिलाड़ियों को उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव देगा। वहीं भारतीय दर्शकों के लिए विनीसियस जूनियर, राफिन्या और एंड्रिक जैसे सितारों को कोलकाता में खेलते देखना किसी बड़े फुटबॉल उत्सव से कम नहीं होगा।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या भारतीय टीम ब्राजील जैसी मजबूत टीम को कड़ी चुनौती दे पाएगी? 3 अक्टूबर को कोलकाता में होने वाला यह मुकाबला सिर्फ दो टीमों की भिड़ंत नहीं, बल्कि भारतीय फुटबॉल के लिए दुनिया के सामने अपनी क्षमता दिखाने का बड़ा मौका भी होगा।


