Elon Musk और Sam Altman के बीच चल रही कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी एआई की सबसे चर्चित कानूनी लड़ाइयों में से एक में बड़ा फैसला सामने आया है। अमेरिका की एक संघीय अदालत ने ओपनएआई के खिलाफ एलन मस्क के दावों को खारिज कर दिया है। इस फैसले को एआई उद्योग के भविष्य के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
कैलिफोर्निया के ओकलैंड स्थित संघीय अदालत की जूरी ने सर्वसम्मति से फैसला सुनाते हुए कहा कि एलन मस्क ने यह मुकदमा काफी देर से दायर किया था। जानकारी के मुताबिक जूरी ने दो घंटे से भी कम समय में अपना निर्णय सुना दिया और ओपनएआई को किसी भी कानूनी जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया।
दरअसल, एलन मस्क ने वर्ष 2024 में OpenAI, उसके सीईओ सैम ऑल्टमैन और अध्यक्ष ग्रेग ब्रॉकमैन के खिलाफ मुकदमा दायर किया था। मस्क का आरोप था कि ओपनएआई ने अपने मूल गैर-लाभकारी मिशन से हटकर इसे पूरी तरह मुनाफा कमाने वाले कारोबार में बदल दिया।
मस्क ने दावा किया था कि उन्होंने संस्था की शुरुआत में करीब 3 करोड़ 80 लाख डॉलर की मदद की थी ताकि मानवता के हित में सुरक्षित एआई तकनीक विकसित की जा सके। लेकिन बाद में कंपनी ने माइक्रोसॉफ्ट समेत कई बड़े निवेशकों से अरबों डॉलर जुटाकर व्यावसायिक मॉडल अपना लिया।
एलन मस्क ने यहां तक कहा था कि ओपनएआई ने “चैरिटी की चोरी” की है और मानव हितों के बजाय आर्थिक फायदे को प्राथमिकता दी है। इस मामले में Microsoft पर भी ओपनएआई की मदद करने के आरोप लगाए गए थे।
हालांकि अदालत में ओपनएआई की तरफ से कहा गया कि एलन मस्क खुद भी एआई सेक्टर में बड़े आर्थिक अवसर देख रहे थे और उन्होंने काफी देर बाद यह दावा किया कि कंपनी ने अपने मूल समझौते का उल्लंघन किया है।
गौरतलब है कि ओपनएआई की स्थापना साल 2015 में सैम ऑल्टमैन, एलन मस्क और कुछ अन्य लोगों ने मिलकर की थी। उस समय संस्था का मकसद सुरक्षित और जिम्मेदार एआई तकनीक विकसित करना था। लेकिन 2018 में एलन मस्क ने कंपनी का बोर्ड छोड़ दिया और इसके बाद ओपनएआई ने लाभ आधारित मॉडल अपनाना शुरू कर दिया।
अब अदालत के फैसले के बाद माना जा रहा है कि सैम ऑल्टमैन की राह काफी हद तक साफ हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ओपनएआई भविष्य में अपना आईपीओ यानी Initial Public Offering लाने की तैयारी कर रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि कंपनी की संभावित वैल्यूएशन करीब एक लाख करोड़ डॉलर तक पहुंच सकती है।
दूसरी तरफ एलन मस्क भी अपनी एआई कंपनी xAI को तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं। बताया जा रहा है कि एक्सएआई अब उनकी अंतरिक्ष कंपनी SpaceX के साथ जुड़ चुकी है और भविष्य में बड़े निवेश की तैयारी कर रही है।
आज एआई तकनीक शिक्षा, चिकित्सा, पत्रकारिता, बैंकिंग और कानूनी सेवाओं समेत कई क्षेत्रों में तेजी से इस्तेमाल हो रही है। लेकिन इसके साथ ही यह बहस भी तेज हो गई है कि आखिर एआई का नियंत्रण किसके हाथ में होना चाहिए और इसका सबसे ज्यादा फायदा किसे मिलेगा।


