Meta ने Instagram Plus को दुनिया भर के यूजर्स के लिए पेश किया है। यह एक पेड सब्सक्रिप्शन मॉडल है, जिसके तहत यूजर्स को अतिरिक्त फीचर्स और एडवांस्ड कंट्रोल दिए जाएंगे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इसकी कीमत लगभग 4 डॉलर यानी करीब 380 रुपये प्रति माह रखी गई है। हालांकि भारत में इसकी आधिकारिक कीमत का ऐलान अभी नहीं किया गया है।
कंपनी ने साफ किया है कि सामान्य इंस्टाग्राम यूजर्स के लिए प्लेटफॉर्म पहले की तरह मुफ्त रहेगा। किसी भी मौजूदा फीचर को हटाया नहीं जाएगा। Instagram Plus केवल उन लोगों के लिए है जो अतिरिक्त सुविधाओं का लाभ लेना चाहते हैं।
Instagram Plus का सबसे चर्चित फीचर “स्टोरी एक्सटेंड” है। इसके जरिए यूजर्स की स्टोरी अब 24 घंटे के बजाय पूरे 48 घंटे तक लाइव रह सकेगी। इससे कंटेंट को ज्यादा लोगों तक पहुंचने का मौका मिलेगा।
इसके अलावा “सर्च व्यूअर लिस्ट” फीचर की मदद से यूजर्स यह भी देख सकेंगे कि किसी खास व्यक्ति ने उनकी स्टोरी देखी है या नहीं। वहीं “स्टोरी रीवॉच इनसाइट्स” फीचर यह जानकारी देगा कि किसी स्टोरी को कितनी बार दोबारा देखा गया।
स्टोरी स्पॉटलाइट फीचर के जरिए यूजर अपनी स्टोरी को दोस्तों की फीड में प्राथमिकता दिला सकते हैं। वहीं सुपर हार्ट्स फीचर से एनिमेटेड रिएक्शन भेजने की सुविधा मिलेगी।
Instagram Plus में प्रोफाइल कस्टमाइजेशन पर भी खास ध्यान दिया गया है। यूजर्स कस्टम ऐप आइकन चुन सकेंगे, बायो का फॉन्ट बदल सकेंगे और पहले की तुलना में ज्यादा पोस्ट प्रोफाइल पर पिन कर पाएंगे।
इसके अलावा डायरेक्ट प्रोफाइल पोस्ट फीचर के जरिए यूजर अपनी पोस्ट को दोस्तों की होम फीड में दिखाए बिना सीधे प्रोफाइल या हाइलाइट्स में शेयर कर सकेंगे।
Meta का मानना है कि ये फीचर्स खासतौर पर कंटेंट क्रिएटर्स, इन्फ्लुएंसर्स और उन यूजर्स के लिए उपयोगी होंगे जो अपने अकाउंट पर ज्यादा कंट्रोल चाहते हैं।


