Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

मुंबई में फिर चाकूबाजी! ‘सॉरी’ बोलने के बाद भी युवक पर जानलेवा हमला, आरोपी फरार

मुंबई में एक बार फिर चाकूबाजी की घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। माहीम इलाके में मामूली धक्का लगने के बाद हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना ऐसे समय सामने आई है, जब हाल ही में मुंबई लोकल ट्रेन में हुई हत्या की वारदात अभी भी लोगों के जेहन में ताजा है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक की पहचान 35 वर्षीय नवीन प्रसन्न के रूप में हुई है, जो माहीम के पीतांबर लेन स्थित कुरेशी महल कंपाउंड का निवासी है। नवीन लोअर परेल स्थित एक निजी कंपनी में ऑफिस बॉय के रूप में कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि रेलवे स्टेशन के पास चलते समय गलती से उनका एक युवक से हल्का धक्का लग गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धक्का लगने के तुरंत बाद नवीन ने आरोपी से माफी मांगते हुए “सॉरी” भी कहा, लेकिन इसके बावजूद आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। आरोप है कि उसने कुछ दूरी तक नवीन का पीछा किया और फिर अचानक उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में नवीन गंभीर रूप से घायल हो गए और आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

घायल युवक का इलाज फिलहाल सायन अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा और उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लगातार सामने आ रही चाकूबाजी की घटनाओं ने मुंबई में सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles