एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदकों की दौड़ में अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है। निशानेबाज इलावेनिल वलारिवान ने एक ही दिन में दो रजत पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया, वहीं महिला क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश को 114 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। एमएमए में भी भारत का पदक पक्का हो गया है। इसके अलावा पुरुष और महिला हॉकी टीमों ने बड़ी जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। आखिर भारतीय खिलाड़ियों के लिए कैसा रहा यह पूरा दिन? आइए जानते हैं।
नागोया में रविवार को भारतीय निशानेबाज इलावेनिल वलारिवान दिन की स्टार खिलाड़ी बनकर उभरीं। महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में उन्होंने 252.4 अंक हासिल कर रजत पदक अपने नाम किया। स्वर्ण पदक जीतने वाली जापान की हिनाता ताइची ने 253 अंक हासिल कर एशियाई खेलों का नया रिकॉर्ड बनाया। वलारिवान स्वर्ण पदक से महज 0.6 अंक पीछे रहीं।
वलारिवान ने टीम स्पर्धा में भी शानदार प्रदर्शन किया। सोनम उत्तम मस्कर और विदर्सा विनोद के साथ मिलकर उन्होंने भारत को दूसरा रजत पदक दिलाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए बधाई दी। पिछले दो एशियाई खेलों में पदक से चूकने के बाद वलारिवान के लिए यह उपलब्धि खास रही।
मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स यानी एमएमए में भी भारत के लिए पदक पक्का हो गया। 36 वर्षीय सुचिका तारियाल ने महिला 60 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टर फाइनल में मंगोलिया की अल्तानचिमेग बैगलमा को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इस जीत के साथ उनका कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चित हो गया। एमएमए को पहली बार एशियाई खेलों में शामिल किया गया है।
अब बात महिला क्रिकेट की, जहां भारतीय टीम ने बांग्लादेश को 114 रन से हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल में प्रवेश किया। शेफाली वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए। यह उनका टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहला शतक रहा। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 195 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की टीम 15.4 ओवर में 81 रन पर सिमट गई। अब मंगलवार को स्वर्ण पदक के मुकाबले में भारत का सामना श्रीलंका से होगा।
हॉकी में भी भारतीय टीमों ने दमदार शुरुआत की। महिला हॉकी टीम ने उज्बेकिस्तान को 19-0 से हराया। इस मुकाबले में दीपिका ने आठ गोल दागे। वहीं पुरुष हॉकी टीम ने इंडोनेशिया को 13-1 से शिकस्त दी। दिलप्रीत सिंह ने चार गोल करके टीम की जीत में अहम योगदान दिया।
बैडमिंटन में भारतीय महिला टीम ने कजाखस्तान को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। अब उसका सामना मेजबान जापान से होगा। पीवी सिंधू, उन्नति हुड्डा और तन्वी शर्मा ने अपने मुकाबले जीतकर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई।
टेबल टेनिस में भारतीय महिला टीम ने सिंगापुर को 3-2 से हराया, जबकि पुरुष टीम को ईरान के खिलाफ 0-3 से हार का सामना करना पड़ा। दोनों भारतीय टीमों का अगला मुकाबला सोमवार को पाकिस्तान से होगा।
हालांकि, टेकबॉल में भारत को निराशा हाथ लगी। क्विम्सी डिसूजा महिला एकल और मिश्रित युगल दोनों में कांस्य पदक जीतने से चूक गईं। वहीं एमएमए फाइटर वरुण सान्याल को अत्यधिक थकान और शरीर में पानी की कमी के कारण प्रतियोगिता से हटना पड़ा।
तैराकी में ऋषभ दास ने पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा के फाइनल में छठा स्थान हासिल किया। उन्होंने 54.77 सेकेंड का समय निकाला। वुशु में सूरज सिंह मयांगलांबम पुरुषों के चांगक्वान फाइनल में 11वें स्थान पर रहे।
इस तरह एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के लिए रविवार का दिन कई बड़ी उपलब्धियों और कुछ निराशाओं से भरा रहा। अब सबकी नजरें महिला क्रिकेट के फाइनल और आगामी मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां भारतीय खिलाड़ी पदकों की संख्या बढ़ाने के इरादे से उतरेंगे।


