Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

*15 साल पुरानी रंजिश में महिला की हत्या, पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार*

 

रामपुरा (जालौन)। रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम जायघा में 50 वर्षीय महिला मीना देवी की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, डंडा तथा घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।

पुलिस के अनुसार, दो जुलाई की रात ग्राम जायघा निवासी मीना देवी की घर के बाहर सोते समय सिर पर कुल्हाड़ी और डंडे से वार कर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद रामपुरा थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी लल्ला उर्फ सहदेव और राज सिंह उर्फ बसंत को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या करना स्वीकार करते हुए बताया कि मृतका के परिवार से करीब 15 वर्ष पुराना विवाद चला आ रहा था। इसके अलावा मृतका की पुत्री के ससुराल पक्ष से चल रही मुकदमेबाजी को लेकर भी दोनों आरोपी रंजिश रखते थे।

आरोपियों ने बताया कि इसी पुरानी रंजिश के चलते उन्होंने रात के समय मीना देवी पर उस समय हमला किया, जब वह सो रही थीं। दोनों ने कुल्हाड़ी और डंडे से सिर पर कई वार कर उनकी हत्या कर दी और घटना के बाद हथियार झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, डंडा तथा घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

घटना का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साक्ष्यों के आधार पर 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या की गुत्थी सुलझा ली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles