श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व भक्तों के लिए बेहद खास होता है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप लड्डू गोपाल की पूजा-अर्चना की जाती है और आधी रात को उनके जन्म का उत्सव मनाया जाता है। इस मौके पर भक्त भगवान को तरह-तरह के पकवानों का भोग लगाते हैं। इन्हीं में धनिया पंजीरी का विशेष महत्व माना जाता है। धनिया, मखाना, ड्राई फ्रूट्स, नारियल और देसी घी से तैयार होने वाली यह पंजीरी स्वादिष्ट होने के साथ जन्माष्टमी के भोग में पारंपरिक रूप से शामिल की जाती है।
धनिया पंजीरी बनाना बेहद आसान है और इसके लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत भी नहीं पड़ती। इसे तैयार करने के लिए एक कप धनिया के बीज, एक चम्मच सौंफ और एक चम्मच खसखस लिया जा सकता है। इसके अलावा आधा कप मखाना, आधा कप कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल, करीब तीन चौथाई कप पिसी हुई चीनी, दो चम्मच देसी घी, 8 से 10 काजू, 8 से 10 बादाम, थोड़ी सी किशमिश, आधा चम्मच इलायची पाउडर और सूखी गुलाब की पंखुड़ियों की जरूरत होगी।
सबसे पहले एक कड़ाही को गर्म करें और उसमें धनिया के बीज डालकर धीमी आंच पर करीब 3 से 4 मिनट तक हल्का भूनें। धनिया को तब तक भूनें जब तक उसमें से अच्छी खुशबू आने न लगे। ध्यान रखें कि धनिया ज्यादा तेज आंच पर न भूनें, वरना इसका स्वाद कड़वा हो सकता है। अब इसमें सौंफ और खसखस डालकर करीब एक मिनट तक हल्का भून लें। इसके बाद गैस बंद कर दें और इस मिश्रण को पूरी तरह ठंडा होने दें।
मिश्रण ठंडा होने के बाद इसे मिक्सर में डालकर दरदरा पीस लें। धनिया को बहुत बारीक पीसने की जरूरत नहीं है, क्योंकि पंजीरी में हल्का दरदरा टेक्सचर ही ज्यादा अच्छा लगता है। अब दूसरी तरफ कड़ाही में दो चम्मच देसी घी गर्म करें। इसमें मखाने डालकर हल्का कुरकुरा होने तक भूनें। इसके बाद कटे हुए बादाम और काजू डालें और कुछ देर तक भून लें। आखिर में किशमिश डालकर हल्का सा भूनें।
अब इसमें तैयार किया हुआ दरदरा पिसा धनिया डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। इसके बाद कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल और पिसी हुई चीनी डालें। ध्यान रखें कि चीनी डालने के बाद मिश्रण को बहुत ज्यादा देर तक गर्म न करें। सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाने के बाद गैस बंद कर दें।
अब पंजीरी में इलायची पाउडर और सूखी गुलाब की पंखुड़ियां डालें। इन्हें अच्छी तरह मिलाने के बाद पंजीरी को कुछ देर ठंडा होने दें। जब यह पूरी तरह ठंडी हो जाए, तो इसे एयरटाइट डिब्बे में स्टोर किया जा सकता है। वहीं, जन्माष्टमी की पूजा के दौरान इसे लड्डू गोपाल को भोग के रूप में भी अर्पित किया जा सकता है।
जन्माष्टमी के मौके पर भगवान श्रीकृष्ण को भोग लगाने के लिए धनिया पंजीरी तैयार करना कई घरों में चली आ रही परंपरा है। इसकी खुशबू और स्वाद त्योहार के माहौल को और खास बना देते हैं। अगर आप भी इस जन्माष्टमी घर पर लड्डू गोपाल के लिए पारंपरिक भोग तैयार करना चाहती हैं, तो आसान विधि से धनिया पंजीरी जरूर बना सकती हैं।


