मामला मथुरा के हाईवे थाना क्षेत्र स्थित सूर्यनगर कॉलोनी का है। पुलिस के अनुसार, मध्य प्रदेश के दतिया जिले की रहने वाली 23 वर्षीय पोखन ने करीब पांच साल पहले झांसी निवासी मिथुन से प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया और दोनों अलग-अलग रहने लगे।
बताया जा रहा है कि पोखन पिछले कुछ दिनों से अपनी सहेली रागिनी के साथ मथुरा में रह रही थी और एक ब्यूटी पार्लर में काम कर रही थी। वहीं उसका पति मिथुन झांसी में रहकर काम करता था।
पुलिस के मुताबिक गुरुवार को मिथुन अपनी पत्नी की तलाश करते हुए मथुरा पहुंचा। सूर्यनगर कॉलोनी स्थित घर में दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, लेकिन देखते ही देखते यह बातचीत विवाद में बदल गई। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच एक मामला न्यायालय में भी लंबित था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मिथुन पत्नी पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा था। जब पत्नी इसके लिए तैयार नहीं हुई तो गुस्से में आकर उसने तमंचे से पोखन को गोली मार दी। गोली लगते ही पोखन जमीन पर गिर गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पत्नी की हत्या के तुरंत बाद मिथुन ने उसी तमंचे से अपनी कनपटी पर गोली मार ली। गंभीर चोट लगने से उसकी भी मौके पर मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आपसी पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
पुलिस ने दोनों पक्षों के परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।


