केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने चार दिवसीय गुना प्रवास के दौरान जिले को लगभग ₹350 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में गुना तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। इस दौरान उन्होंने रेल, सड़क, सिंचाई, ऊर्जा, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी कई परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
प्रवास की शुरुआत कूनो नदी के उद्गम स्थल स्थित कांजा गांव से हुई, जहां सिंधिया ने प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 700 पौधों का रोपण किया। इसी अवसर पर उन्होंने ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ का शुभारंभ किया और लगभग ₹17.98 लाख की लागत से बने चेक डैम का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा जनभागीदारी से ही संभव है।
दौरे के अंतिम दिन सिंधिया ने मुद्रा हनुमान क्षेत्र में ₹278 करोड़ की लागत से बनने वाले आधुनिक विद्युत सबस्टेशन का शिलान्यास किया। यह परियोजना लगभग 225 गांवों और 2.25 लाख से अधिक लोगों को बेहतर बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराएगी। इसके लिए करीब 100 किलोमीटर लंबी विद्युत लाइन भी बिछाई जा रही है।
ऊर्जा क्षेत्र को और मजबूत करते हुए केंद्रीय मंत्री ने खुटियावाड़ में लगभग ₹20 करोड़ की लागत से तैयार 4.5 मेगावाट क्षमता वाले सोलर प्लांट का उद्घाटन किया। इसके अलावा तिलवारा में आधुनिक आईटीआई भवन और धनवाड़ी विद्युत उपकेंद्र का भी लोकार्पण किया गया। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं युवाओं के कौशल विकास और ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएंगी।
रेल और सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के लिए सिंधिया ने गुना रेलवे स्टेशन से बीना–रुठियाई–बीना मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही स्थानीय लोगों की मांग के अनुसार ट्रेन के समय में बदलाव का प्रस्ताव रेलवे मंत्रालय को भेजने की जानकारी भी दी। उन्होंने लगभग ₹3 करोड़ की लागत वाली नई फल एवं सब्जी मंडी का भूमिपूजन तथा ₹11.64 करोड़ की लागत से बनी तीन प्रमुख सड़कों का लोकार्पण भी किया।
महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए सिंधिया ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि जिन स्वयं सहायता समूहों का वार्षिक कारोबार एक करोड़ रुपये से अधिक होगा, उन्हें सांसद निधि से परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
अपने प्रवास के दौरान सिंधिया ने टेकरी सरकार में हनुमान जी के दर्शन कर प्रदेश और देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद ग्राम पाटई स्थित ऐतिहासिक राम जानकी मंदिर के लगभग ₹20 लाख की लागत से होने वाले जीर्णोद्धार कार्य का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि यह मंदिर क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को और मजबूत करेगा।
दिशा समिति की बैठक में केंद्रीय मंत्री ने स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई और अधोसंरचना परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिले में नए अस्पताल भवन, मातृत्व वार्ड, क्रिटिकल केयर यूनिट, एमआरआई और अन्य आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं पर तेजी से काम चल रहा है। वहीं कूनो नदी पुनर्जीवन, निवाड़ी सिंचाई परियोजना, पालडोरिया परियोजना और पेयजल योजनाओं को भी प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
सिंधिया ने कहा कि विकास का उद्देश्य केवल भवन और सड़कें बनाना नहीं, बल्कि हर नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में गुना शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, ऊर्जा, कृषि, उद्योग और परिवहन के क्षेत्र में प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल होगा।


