तेलुगु सिनेमा की सुपरहिट फिल्म ‘जया जानकी नायका’ ने डिजिटल दुनिया में नया इतिहास रच दिया है। साल 2017 में रिलीज हुई इस फिल्म के हिंदी डब वर्जन ने YouTube पर 1 बिलियन (100 करोड़) व्यूज का आंकड़ा पार कर लिया है। इसके साथ ही यह उपलब्धि हासिल करने वाली दुनिया की पहली फिल्म बन गई है।
इस रिकॉर्ड पर खुशी जताते हुए अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह ने कहा कि यदि इस संख्या की तुलना सिनेमाघरों में फिल्म देखने वाले दर्शकों से की जाए, तो यह बेहद बड़ा और अविश्वसनीय आंकड़ा है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों का फिल्म को देखना पूरी टीम के लिए गर्व की बात है।
रकुल प्रीत सिंह ने बताया कि उन्हें पहले से इस फिल्म को मिल रहे शानदार व्यूज की जानकारी थी, लेकिन 100 करोड़ व्यूज का आंकड़ा पार होना उनके लिए भी किसी सरप्राइज से कम नहीं था। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि इस खबर की पुष्टि करने के लिए वह खुद YouTube पर जाकर व्यूज चेक करने लगीं।
अभिनेत्री ने उन खबरों का भी खंडन किया, जिनमें फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप बताया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिल्म को सिनेमाघरों में भी अच्छा रिस्पॉन्स मिला था और रिलीज के समय पूरी टीम ने इसकी सफलता का जश्न मनाया था।
रकुल का मानना है कि कोरोना महामारी के बाद डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दक्षिण भारतीय फिल्मों की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है। उन्होंने कहा कि YouTube जैसे प्लेटफॉर्म अब फिल्मों के लिए एक मजबूत माध्यम बनकर उभर रहे हैं, जहां दर्शकों तक आसानी से पहुंच बनाई जा सकती है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में कई छोटे बजट की फिल्में और ऐसे प्रोजेक्ट जिन्हें थिएटर रिलीज नहीं मिल पाती, वे सीधे YouTube जैसे प्लेटफॉर्म पर रिलीज होकर बड़ी सफलता हासिल कर सकते हैं। इससे नए फिल्म निर्माताओं और स्वतंत्र क्रिएटर्स को भी अपनी फिल्मों के लिए नया मंच मिलेगा।
‘जया जानकी नायका’ में रकुल प्रीत सिंह के साथ बेलमकोंडा श्रीनिवास मुख्य भूमिका में नजर आए थे। फिल्म को एक्शन, रोमांस और फैमिली ड्रामा के मिश्रण के लिए दर्शकों ने काफी पसंद किया था। अब YouTube पर मिले इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड ने फिल्म को एक नई पहचान दिला दी है।


