गर्मियों के मौसम में जामुन केवल स्वाद के लिए ही नहीं बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट, आयरन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर को ठंडक देने के साथ पाचन और इम्यूनिटी को भी बेहतर बनाने में मदद करते हैं। अगर आप रोज़ाना एक ही तरीके से जामुन खाने से बोर हो गए हैं, तो इससे दो शानदार और स्वादिष्ट रेसिपी घर पर आसानी से तैयार कर सकते हैं।
अगर घर में बच्चे हैं और उन्हें फल खाना ज्यादा पसंद नहीं है, तो जामुन से बनी स्मूदी और आइसक्रीम उनके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकती हैं। ये दोनों रेसिपी स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पौष्टिक भी हैं और गर्मियों में शरीर को ताजगी देने का काम करती हैं। इन्हें बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता और घर में उपलब्ध सामान्य सामग्री से आसानी से तैयार किया जा सकता है।
जामुन स्मूदी बनाने के लिए सामग्री
जामुन का गूदा या पेस्ट
ठंडी गाढ़ी दही या लस्सी
1 से 2 खजूर
1 छोटा चम्मच शहद
चुटकीभर इलायची पाउडर
ड्राई फ्रूट्स
इच्छानुसार थोड़ी रबड़ी (वैकल्पिक)
जामुन स्मूदी बनाने की विधि
सबसे पहले जामुन को अच्छी तरह धोकर उसका गूदा निकाल लें। अब मिक्सर जार में जामुन का गूदा, ठंडी दही या लस्सी, खजूर, शहद और इलायची पाउडर डालें। अगर स्वाद को और रिच बनाना चाहते हैं तो इसमें थोड़ा सा रबड़ी भी मिला सकते हैं।
अब सभी सामग्री को अच्छी तरह ब्लेंड करें, जब तक स्मूदी पूरी तरह क्रीमी और स्मूद न हो जाए। तैयार स्मूदी को ठंडे गिलास में निकालें और ऊपर से कटे हुए बादाम, पिस्ता या अन्य ड्राई फ्रूट्स से गार्निश करके तुरंत सर्व करें।
जामुन आइसक्रीम बनाने के लिए सामग्री
जामुन का रस
फ्रेश क्रीम या मलाई
चाशनी
रबड़ी या कंडेंस्ड मिल्क
इलायची पाउडर
बारीक कटे ड्राई फ्रूट्स
जामुन आइसक्रीम बनाने की विधि
सबसे पहले जामुन के रस को हल्की चाशनी के साथ अच्छी तरह मिलाकर फेंट लें। अब एक अलग बर्तन में फ्रेश क्रीम या मलाई को तब तक फेंटें जब तक वह हल्की और क्रीमी न हो जाए। इसमें रबड़ी या कंडेंस्ड मिल्क मिलाएं और फिर इलायची पाउडर तथा कटे हुए ड्राई फ्रूट्स डाल दें।
अब तैयार जामुन वाले मिश्रण को क्रीम में डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। इस मिश्रण को एयरटाइट कंटेनर या आइसक्रीम बॉक्स में भरकर 6 से 8 घंटे के लिए फ्रीजर में रख दें। जब आइसक्रीम अच्छी तरह जम जाए, तब इसे स्कूप निकालकर ठंडा-ठंडा सर्व करें।
जामुन से बनी ये दोनों रेसिपी गर्मियों में स्वाद और सेहत का बेहतरीन मेल साबित हो सकती हैं। अगर आप घर पर कुछ नया और हेल्दी ट्राई करना चाहते हैं, तो जामुन की स्मूदी और आइसक्रीम आपके लिए शानदार विकल्प हैं। इन्हें बच्चे और बड़े दोनों ही बेहद पसंद करेंगे।


