स्पेन से इस वक्त एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आ रही है, जहां दो हाई-स्पीड ट्रेनों की भीषण टक्कर में कम से कम 64 लोगों की मौत होने की खबर है। हादसे में 80 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत और बचाव दल मलबे में फंसे यात्रियों को निकालने में जुटे हैं। सबसे बड़ी चिंता इस बात को लेकर है कि मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है।
जानकारी के मुताबिक, यह भीषण रेल दुर्घटना स्पेन के तोलेदो प्रांत में बुधवार सुबह हुई। हादसे में एक ही दिशा में जा रही दो तेज रफ्तार ट्रेनें टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक ट्रेन दूसरी ट्रेन के पिछले हिस्से से जा भिड़ी और उसके दो डिब्बे पटरी से उतर गए। दुर्घटना के बाद रेलवे प्रशासन और आपातकालीन सेवाओं में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
क्षेत्रीय प्रशासन के अधिकारियों के मुताबिक, दोनों ट्रेनों में सैकड़ों यात्री सवार थे। कैस्टिला-ला मांचा क्षेत्र की प्रवक्ता एस्थर पाडिला ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आखिर इतनी बड़ी दुर्घटना कैसे हुई। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आ सकेगी।
इस दुर्घटना के बाद स्पेन की रेल सेवाओं पर भी व्यापक असर पड़ा है। रेल प्रणाली संचालक एडीआईएफ के मुताबिक, हादसे के बाद मैड्रिड, स्यूदाद रियल और अंदालूसिया के बीच रेल परिचालन रोक दिया गया। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रेलवे प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने और प्रभावित यात्रियों की सहायता करने में जुटा है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए आपातकालीन सेवाओं, दमकलकर्मियों और पुलिस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। राहत अभियान में सहायता के लिए सेना की आपातकालीन ब्रिगेड को भी तैनात किया गया। एंबुलेंस और हेलीकॉप्टर की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पतालों तक पहुंचाया गया। वहीं, सुरक्षित बचे यात्रियों को बसों के जरिए घटनास्थल से बाहर निकाला गया।
स्पेन की स्वास्थ्य मंत्री मोनिका गार्सिया ने बताया कि बचावकर्मियों का ध्यान सबसे ज्यादा क्षतिग्रस्त डिब्बों में फंसे लोगों को बाहर निकालने पर केंद्रित है। इन डिब्बों में यात्रियों के फंसे होने की आशंका के चलते बचाव अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। चिकित्सकीय टीमें घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने में जुटी हैं।
इस दुर्घटना में सरकारी रेल कंपनी रेनफे और निजी रेल कंपनी इर्यो की ट्रेनें शामिल बताई गई हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, रेनफे की ट्रेन में 397 यात्री, जबकि इर्यो की ट्रेन में 147 यात्री सवार थे। हालांकि, दुर्घटना के सटीक घटनाक्रम और जिम्मेदारी को लेकर जांच जारी है। अधिकारियों की ओर से सामने आने वाली विस्तृत जानकारी के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
फिलहाल, स्पेन में इस भीषण रेल हादसे के बाद शोक और चिंता का माहौल है। एक तरफ अस्पतालों में घायलों का इलाज जारी है, तो दूसरी तरफ बचावकर्मी मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं। हादसे ने रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजरें जांच के नतीजों और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।


