भारतीय नौसेना ने एक बेहद जटिल और जोखिम भरे समुद्री अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम देकर संभावित बड़े हादसे को टाल दिया है। ओमान के तट के पास संदिग्ध हमले का शिकार हुए एक विशाल क्रूड ऑयल टैंकर के भीतर फंसे जिंदा मिसाइल वॉरहेड को नौसेना की बम निरोधक टीम ने सुरक्षित तरीके से बाहर निकाल लिया।
जानकारी के मुताबिक मार्शल आइलैंड्स के झंडे वाले क्रूड ऑयल टैंकर एम्प्टी ओलंपिक लाइफ यूएई के फुजैरा से कोच्चि की ओर जा रहा था। 26 मई को ओमान के तट के पास जहाज में अचानक धमाका हुआ। शुरुआती जांच में पता चला कि किसी प्रोजेक्टाइल या मिसाइल ने जहाज को निशाना बनाया था।
जांच के दौरान सबसे चौंकाने वाली बात सामने आई कि मिसाइल का एक हिस्सा जहाज के भीतर घुसने के बाद फटा ही नहीं था। यह जिंदा वॉरहेड जहाज की बाहरी दीवार को चीरते हुए कई हिस्सों से गुजरकर सीधे फ्यूल स्टोरेज टैंक तक पहुंच गया था। यह जहाज का सबसे संवेदनशील हिस्सा माना जाता है, जहां किसी भी विस्फोट से भीषण तबाही हो सकती थी।
मामले की जानकारी मिलते ही भारतीय नौसेना सक्रिय हो गई। इंडियन ओशन रीजन के इंफॉर्मेशन फ्यूजन सेंटर के जरिए सूचना मिलने के बाद कोच्चि स्थित सदर्न नेवल कमांड ने अपनी विशेषज्ञ टीम को तत्काल ऑपरेशन पर लगाया।
नौसेना की बम निरोधक टीम ने आधुनिक तकनीक और विशेष उपकरणों की मदद से सबसे पहले वॉरहेड की स्थिति और उसके डिटोनेशन सिस्टम का आकलन किया। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से उसे निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू की गई। ऑपरेशन के दौरान अत्यधिक सावधानी बरती गई क्योंकि छोटी सी गलती भी जहाज, चालक दल और आसपास के क्षेत्र के लिए विनाशकारी साबित हो सकती थी।
कई घंटों की मेहनत और तकनीकी प्रक्रिया के बाद टीम ने वॉरहेड को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर जहाज से बाहर निकाल लिया। इसके साथ ही जहाज पर मौजूद चालक दल, बंदरगाह सुविधाओं और आसपास के समुद्री क्षेत्र की सुरक्षा भी सुनिश्चित की गई।
भारतीय नौसेना के अधिकारियों के अनुसार हाल के वर्षों में यह सबसे चुनौतीपूर्ण समुद्री बम निरोधक अभियानों में से एक माना जा रहा है। बरामद वॉरहेड को आगे की जांच के लिए सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है, जहां विशेषज्ञ यह पता लगाने की कोशिश करेंगे कि हमला किस प्रकार के हथियार से किया गया था।
यह ऑपरेशन ऐसे समय में हुआ है जब हॉर्मुज जलडमरूमध्य और ओमान की खाड़ी के आसपास समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंताएं लगातार बढ़ रही हैं। यह क्षेत्र दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल व्यापार मार्गों में से एक है और हाल के महीनों में कई जहाज संदिग्ध हमलों और सुरक्षा खतरों का सामना कर चुके हैं।
भारतीय नौसेना के इस सफल अभियान ने एक बार फिर समुद्री सुरक्षा और आपदा प्रबंधन में उसकी पेशेवर क्षमता को दुनिया के सामने साबित कर दिया है।


