जगम्मनपुर (जालौन)। जुहीखा पुल से लापता हुए एक व्यापारी का शव रविवार सुबह यमुना नदी से बरामद होने से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए उरई भेज दिया है। मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम रही। मृतक की पहचान राजू पटवा पुत्र बाबूराम निवासी ग्राम भोजपुरा, थाना कुठौंद, जनपद जालौन के रूप में हुई है। वह शनिवार, 27 जून को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे, जिसकी गुमशुदगी कुठौंद थाने में दर्ज कराई गई थी। बताया जाता है कि उसी दिन जगम्मनपुर क्षेत्र स्थित जुहीखा पुल पर उनकी बाइक, कपड़े और एक डायरी लावारिस अवस्था में मिली थी। इन वस्तुओं के मिलने के बाद उनके यमुना नदी में कूदने की आशंका जताई गई थी, जिसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा तलाश अभियान शुरू किया गया। रविवार, 28 जून की सुबह हिम्मतपुर और गुड़ा के बीच दमगढ़ पथरी स्थित यमुना नदी से उनका शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही जगम्मनपुर चौकी प्रभारी पंकज कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


