साउथ सुपरस्टार राम चरण सफल कलाई सर्जरी के बाद पहली बार सार्वजनिक रूप से नजर आए। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद अभिनेता अपनी पत्नी उपासना कोनिडेला के साथ तमिलनाडु के कोयंबटूर स्थित अय्यप्पा स्वामी मंदिर पहुंचे, जहां दोनों ने भगवान अय्यप्पा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। मंदिर से सामने आई उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं और प्रशंसक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
सर्जरी के बाद मंदिर पहुंचे राम चरण
मंदिर दर्शन के दौरान राम चरण पारंपरिक काले रंग के परिधान में दिखाई दिए। उनके दाहिने हाथ में स्लिंग बंधी हुई थी, जिससे हाल ही में हुई कलाई की सर्जरी का पता चल रहा था। वहीं, उपासना कोनिडेला मंदिर परिसर में श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना करती और एक गाय को केले खिलाती नजर आईं।
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद अभिनेता को स्वस्थ अवस्था में देखकर उनके प्रशंसकों ने राहत जताई और सोशल मीडिया पर शुभकामनाओं की बाढ़ आ गई।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने की सर्जरी
राम चरण की कलाई की सर्जरी कोयंबटूर के गंगा अस्पताल में की गई। बताया गया कि उनकी चोट जटिल थी, जिसके चलते अमेरिका के मियामी से प्रसिद्ध हैंड एंड रिस्ट विशेषज्ञ डॉ. एलेजांद्रो बादिया को भी सर्जिकल टीम में शामिल किया गया।
सर्जरी में गंगा अस्पताल के चेयरमैन डॉ. एस. राजशेखरन, डॉ. एलेजांद्रो बादिया, डॉ. प्रवीण भारद्वाज और विशेषज्ञों की टीम ने मिलकर ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
आठ सप्ताह तक करना होगा आराम
मेडिकल टीम के अनुसार, सर्जरी पूरी तरह सफल रही है और अभिनेता तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं। डॉक्टरों ने उन्हें आठ सप्ताह तक आराम करने और निर्धारित रिहैबिलिटेशन (पुनर्वास) कार्यक्रम का पालन करने की सलाह दी है।
डॉक्टरों की अनुमति मिलने के बाद ही राम चरण फिल्मों की शूटिंग पर वापसी करेंगे।
जल्द शुरू करेंगे नई फिल्म की शूटिंग
वर्कफ्रंट की बात करें तो राम चरण हाल ही में निर्देशक बुची बाबू सना की फिल्म ‘पेड्डी’ में नजर आए थे, जिसमें उनके साथ अभिनेत्री जान्हवी कपूर मुख्य भूमिका में थीं।
स्वास्थ्य लाभ पूरा होने के बाद अभिनेता निर्देशक सुकुमार की आगामी फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे। फिलहाल उनकी प्राथमिकता पूरी तरह स्वस्थ होकर बड़े पर्दे पर वापसी करना है।


