ललितपुर। तालबेहट कोतवाली क्षेत्र की तेरई फाटक चौकी अंतर्गत एक दर्दनाक घटना सामने आई है। तेरई फाटक निवासी लक्ष्मण पुत्र जालम रायकवार (56 वर्ष) की नाली की सफाई के दौरान सांप के काटने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मण अपने घर के पास नाली की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान नाली में छिपे एक सांप ने उन्हें काट लिया। परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालबेहट लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की विधिक प्रक्रिया पूरी कर रही है।
*प्रधान प्रतिनिधि धर्मलाल कुशवाहा का कहना है कि बरसात के मौसम में बरतें विशेष सावधानी*
- बरसात के दिनों में नालियों, झाड़ियों, खेतों और पानी भरे स्थानों में सांपों के निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में नाली की सफाई या अन्य कार्य करते समय दस्ताने और लंबे जूते पहनें तथा पहले डंडे या किसी सुरक्षित तरीके से आसपास की जांच कर लें। यदि किसी व्यक्ति को सांप काट ले, तो झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय न गंवाएं और तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचें। समय पर इलाज से कई मामलों में जान बचाई जा सकती है।

